एपीएस न्यूज संवाददाता–रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। करोड़ों रुपये की लागत से जनता की सहूलियत के लिए बना हाईवे-730 का नया ओवरब्रिज पहली तेज बारिश भी नहीं झेल सका। लखीमपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हाल ही में लोकार्पित ओवरब्रिज की सड़क शनिवार रात अचानक भरभरा कर धंस गई। सड़क के बीचों-बीच बने इस गहरे और खतरनाक गड्ढे ने रात के अंधेरे में तेज रफ्तार गाड़ियों के लिए मौत का फंदा तैयार कर दिया था। गनीमत रही कि वक्त रहते राहगीरों की नजर इस पर पड़ गई और उनकी सतर्कता से एक बड़ा दर्दनाक हादसा टल गया। शनिवार रात बारिश और अंधेरे के बीच जब नवनिर्मित ओवरब्रिज पर डामर धंसा, तो वहां से गुजर रहे राहगीरों के होश उड़ गए। रात के सन्नाटे में तेज रफ्तार वाहन सीधे उस गड्ढे में समा सकते थे। प्रशासनिक मशीनरी के पहुंचने से पहले ही स्थानीय नागरिकों ने गजब की सूझबूझ दिखाई। राहगीरों ने तुरंत एक डंडे में लाल रंग की टी-शर्ट बांधी और उसे खतरे के निशान के तौर पर गड्ढे के ठीक आगे खड़ा कर दिया। साथ ही, खुद खड़े होकर आने-जाने वाले वाहनों को हाथ देकर धीमा कराते रहे। राहगीरों के इस जज्बे ने कई परिवारों को उजड़ने से बचा लिया।
मौके पर दौड़ी पुलिस, शुरू हुआ काम–घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराई और यातायात को सुरक्षित रूप से डायवर्ट करते हुए संबंधित विभाग को तलब कर आनन-फानन में मरम्मत कार्य शुरू कराया। अभी इस ओवरब्रिज को बने जुमा-जुमा चार दिन भी नहीं हुए कि सड़क का धंसना सीधे तौर पर निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की ओर इशारा कर रहा है। स्थानीय जनता में कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है: घटिया बेस भराव: मिट्टी और गिट्टी के कॉम्पेक्शन में इतनी लापरवाही क्यों बरती गई? नाकारा ड्रेनेज सिस्टम: जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था न होने से पानी अंदर कैसे रिस गया? लीपापोती पर ऐतराज: केवल ऊपरी डामर डालकर खानापूर्ति करने के बजाय पूरे पुल की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। यदि समय रहते राहगीर लाल झंडी न दिखाते, तो गोला गोकर्णनाथ में किसी घर का चिराग बुझ चुका होता। जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि इस घटिया निर्माण के जिम्मेदार ठेकेदारों और इंजीनियरों पर सख्त कार्रवाई चाहती है।














