एपीएस न्यूज संवाददाता रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। थाना गोला गोकर्णनाथ पुलिस ने सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक मां की सूनी गोद में उसका लाल वापस लौटा दिया है। सावन माह में छोटी काशी के पवित्र तीर्थ सरोवर गेट के पास से गायब हुए 14 माह के मासूम आर्यन उर्फ रामजी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत दो शातिर अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। वारदात 28 अगस्त की शाम करीब 6 बजे की है।लक्ष्मणजती निवासी अर्चना अपने 14 माह के बेटे आर्यन को तीर्थ सरोवर गेट के पास खेलता छोड़ मंदिर में भीख मांगने गई थीं। जब वह वापस लौटीं, तो मासूम गायब था। मां की तहरीर पर थाना गोला में मुकदमा अपराध संख्या 372/2026 धारा 137(2) BNS (अपहरण) के तहत केस दर्ज किया गया। सीओ गोला जितेंद्र सिंह परिहार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अम्बर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुराग जुटाने शुरू किए। 29 सितंबर को सटीक इनपुट मिलते ही पुलिस ने लखीमपुर-खुटार रोड पर ‘हर्ट ढाबा’ के पास घेराबंदी की और मासूम बच्चे को सुरक्षित छुड़ाते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त: राम लड़ैते उर्फ राजू पुत्र बराजाराम (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम कांप, थाना मैलानी, जनपद खीरी। मालती उर्फ गीता पत्नी राजाराम (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम नारायनपुरवा, थाना खैराबाद, जनपद सीतापुर। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 143 (तस्करी/बंधक बनाना) की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मासूम को शक्तिशाली बरामद करने वाली सराहनीय गोला पुलिस टीम में तेजतर्रार प्रभारी निरीक्षक अम्बर सिंह, व०उ०नि० देवेंद्र कुमार सिंह, उ०नि० राकेश कुमार राय, का० अनुज सागर, अंकित वर्मन, प्रदीप कुमार, शरद राज, पवन कुमार वर्मा, परीक्षित सैनी, म०का० नीशू और जया शामिल रहे।














