apsnews24live

जिला कारागार का औचक निरीक्षण, बंदियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी,भोजन की गुणवत्ता जांची

एपीएस न्यूज रिपोर्ट अनुराग पटेल

लखीमपुर खीरी। जिला कारागार खीरी का मंगलवार को जनपद न्यायाधीश शिव कुमार सिंह ने सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, एडीएम (न्यायिक) बृजपाल सिंह एवं एएसपी के साथ औचक निरीक्षण किया। टीम ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बंदियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।जनपद न्यायाधीश ने बंदियों से बातचीत के दौरान उनके विधिक प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली और पूछा कि उनके पास अधिवक्ता नियुक्त हैं या नहीं। बंदियों ने बताया कि उनके प्रकरणों में अधिवक्ता नियुक्त हैं। इसके बाद संयुक्त टीम ने कारागार में तैयार कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की, जो संतोषजनक पाई गई।निरीक्षण के दौरान बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्यों द्वारा संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया। जनपद न्यायाधीश ने निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बंदियों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए बंदियों के बैच बनाकर उन्हें योजनाओं के संबंध में प्रशिक्षण देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनपद न्यायाधीश ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला कारागार में विशेष कैंप आयोजित कर बंदियों की पेंशन से संबंधित समस्याओं का निस्तारण कराया जाए। वहीं, जिला उद्योग केंद्र को निर्देशित किया कि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में इच्छुक एवं पात्र बंदियों के बैच तैयार कर उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ा जा सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं को नियमानुसार बनाए रखने तथा बंदियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!