एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट– अनुराग पटेल
गोला गोकर्णनाथ खीरी।विशेष मतदाता अभियान के बीच लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने धरातल पर उतरकर मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को गोला गोकर्णनाथ स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज के पोलिंग बूथों पर जब डीएम का काफिला औचक निरीक्षण के लिए अचानक पहुंचा, तो प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। बूथ पर पहुंचते ही जिलाधिकारी सीधे बीएलओ की मेज तक पहुंचे और नए मतदाताओं के पंजीकरण, फॉर्म-6 की उपलब्धता और रिसीविंग रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक लहजे में चेताया कि युवा और पहली बार वोट बनने वाले पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने में रत्ती भर भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। हेल्प डेस्क और सुविधाओं पर पैनी नजर डीएम ने केंद्र पर बनी हेल्प डेस्क का जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि बूथ पर आने वाले किसी भी आम नागरिक या बुजुर्ग को फॉर्म भरने में जरा भी असुविधा न हो। उन्होंने पीने के पानी, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने उपस्थित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों, सुपरवाइजरों और अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेताया–”लोकतंत्र के इस महा-अभियान में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गैर-हाजिरी पाई गई, तो संबंधित कर्मी के खिलाफ सीधी और कड़ी दंडात्मक कार्रवाई तय है।”डीएम के इस तूफानी और औचक निरीक्षण से पूरे तहसील और विकास खंड क्षेत्र में हड़कंप का माहौल देखा गया, वहीं समय से मौजूद कर्मियों ने त्वरित गति से कार्य निपटाना शुरू कर दिया।














