एपीएस न्यूज संवाददाता– इमरान मंसूरी
मोहम्मदी खीरी। गोमती श्रमदान मूवमेंट के 26वें सप्ताह के अंतर्गत आज मोहम्मदी स्थित प्राचीन देवीस्थान मंदिर परिसर में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान अभियान से जुड़े सदस्यों ने मंदिर परिसर में उगी घास की सफाई की और कूड़े-कचरे को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। श्रमदान में शामिल साथियों का उत्साह सराहनीय रहा। सफाई अभियान के दौरान मंदिर परिसर में पुराने शादी कार्डों का ढेर मिला। वहीं, कूड़े में राधेश्याम जी के नाम से लिखी पूरी और सही-सलामत रामायण भी मिली। इस घटना ने धार्मिक स्थलों पर पूजा सामग्री और अन्य वस्तुओं को अनुचित तरीके से छोड़ने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े किए। मूवमेंट के संयोजक अश्वनी सिंह राजपूत ने कहा कि धर्म के नाम पर डर और अंधविश्वास के चलते कई लोग पूजा सामग्री के साथ पुराने शादी कार्ड और अन्य अनुपयोगी वस्तुएं भी मंदिरों में छोड़ जाते हैं। इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ उनकी स्वच्छता और व्यवस्था की जिम्मेदारी भी सभी को समझनी चाहिए। उन्होंने मंदिर परिसर को साफ-सुथरा रखने और धार्मिक पुस्तकों एवं पूजा सामग्री के सम्मानजनक निस्तारण के प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत पर बल दिया। नियमित श्रमदान से न केवल मंदिर परिसर स्वच्छ रहेंगे, बल्कि समाज में सामूहिक जिम्मेदारी और सेवा भावना भी मजबूत होगी। इस अवसर पर प्रवीण मेहरोत्रा, विजय कटियार, शिबू शुक्ला, रोहित कश्यप, अमित कुशवाहा, राजकरन सिंह, शेखर राठोर, सुमित श्रीवास्तव, सरवन गुप्ता, अनिल सक्सेना, जसवंत सिंह, विजय गिहार, मंजेश शर्मा और विजय शंकर सहित अन्य साथियों ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में योगदान दिया।














