एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। नवरात्र समापन और विजयदशमी के अवसर पर मूर्ति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने शारदा बैराज स्थित विसर्जन घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विसर्जन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने घाट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि विसर्जन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नदी में विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तैनात गोताखोरों, फ्लड पीएसी और राहत-बचाव दल की तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, एसडीएम धौरहरा राशि कृष्णा, प्रभारी निरीक्षक शारदा नगर सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।














