एपीएस न्यूज संवाददाता/रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। कैलाश मानसरोवर की पवित्र और कठिन धार्मिक यात्रा से वापस लौट रहे गोला के सुप्रसिद्ध एवं वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आशुतोष गुप्ता और उनका पूरा दल नेपाल में कुदरत के कहर के बीच बाल-बाल बच निकला है। नेपाल के रसोबा जिले में आए अचानक और प्रचंड सैलाब के बीच से डॉक्टर गुप्ता के सुरक्षित निकलने की खबर जैसे ही गोला पहुंची, परिजनों, शुभचिंतकों और पूरे शहर ने ईश्वर का धन्यवाद करते हुए राहत की सांस ली। मिली जानकारी के अनुसार, कैलाश मानसरोवर के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं के दल का सामना नेपाल के रसोबा जिले में प्रलयंकारी सैलाब से हो गया। बुधवार को अचानक आए इस जलप्रलय ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी, जिसमें अनगिनत यात्री और स्थानीय लोग फंस गए। चारों तरफ पानी के तेज बहाव और भूस्खलन के बीच हालात बेहद भयावह हो गए थे।
साहस और ईश्वर की कृपा से टला बड़ा हादसा–मौत के इस खौफनाक मंजर के बीच डॉ. आशुतोष गुप्ता और उनके साथी दल ने गजब के धैर्य और अदम्य साहस का परिचय दिया। कुदरत के इस प्रचंड प्रहार के बीच ईश्वर की असीम कृपा से डॉक्टर आशुतोष गुप्ता अपनी पूरी टीम के साथ सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।’
छोटी काशी’ गोला में परिजनों और समर्थकों ने बांटी खुशियां–जैसे ही डॉ. आशुतोष गुप्ता के पूरी तरह सुरक्षित होने की खबर छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ पहुंची, उनके निवास और अस्पताल परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और चिकित्सक जगत से जुड़े लोगों ने महादेव का आभार व्यक्त करते हुए उनके दीर्घायु होने और जल्द सकुशल घर वापसी की कामना की है।













