एपीएस न्यूज संवाददाता–रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। जनपद रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने के आदेश के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन अब और भी आक्रामक हो गया है। गोला लखीमपुर खीरी से बीते शनिवार को समाजवादी पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जिला उपाध्यक्ष रियाजउल्ला खान की अगुवाई में सीधे जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचा और धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों को अपना पूरा समर्थन दिया।प्रतिनिधिमंडल में गोला के कई प्रमुख समाजवादी चेहरे शामिल रहे, जिन्होंने छात्रों के कंधे से कंधा मिलाकर सत्ता के खिलाफ आवाज बुलंद की: रियाजउल्ला खान जिला उपाध्यक्ष सपा, जीशान खान नगर अध्यक्ष गोला, मो० आफताब खान प्रदेश सचिव, सपा यूथ ब्रिगेड, ज़ैब खान नगर उपाध्यक्ष सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।धरनास्थल पर पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों से मुलाकात की, उनकी एक-एक समस्या और मांग को ध्यान से सुना तथा विश्वविद्यालय परिसर का जायजा लिया। छात्रों को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने दो टूक कहा कि “मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय केवल एक इमारत नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं के सुनहरे भविष्य का केंद्र है। शिक्षा संस्थानों की गरिमा को तार-तार करना और छात्रों के अधिकारों पर डाका डालना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सपा संविधान, लोकतंत्र और शिक्षा के अधिकार की रक्षा के लिए हमेशा चट्टान की तरह खड़ी रहेगी।” सपा प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलनकारी छात्रों को आश्वस्त किया कि शीर्ष नेतृत्व तक बात, उनकी जायज मांगों और विश्वविद्यालय के खिलाफ हो रहे उत्पीड़न की पूरी रिपोर्ट समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी। विश्वविद्यालय के अस्तित्व और छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी। जौहर यूनिवर्सिटी और छात्रों के भविष्य पर किसी भी तरह का संकट सपा स्वीकार नहीं करेगी। अगर तानाशाही रवैया बंद नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।













