एपीएस न्यूज संवाददाता–रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर संपूर्ण क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के अनूठे रंग में रंगा नजर आया। नगर के नई बाईपास रोड स्थित सनशाइन हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में देशभक्ति का एक ऐसा ही अलौकिक दृश्य देखने को मिला, जहाँ अस्पताल के संचालक एवं जुझारू भाजपा नेता डॉ. कौशल वर्मा ने पूर्व सैनिकों के भव्य संगठन की गरिमामयी मौजूदगी में शान से ध्वजारोहण किया। सैनिकों के सम्मान में झुका शीश, डॉ. कौशल बोले– ‘यह क्षण मेरे लिए परम सौभाग्य ध्वजारोहण के उपरांत तिरंगे को सलामी देते हुए डॉ. कौशल वर्मा का हृदय देशप्रेमी भावनाओं से ओत-प्रोत हो उठा। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि, “देश की सरहदों पर अपनी जवानी और सर्वस्व न्योछावर करने वाले हमारे वीर सैनिकों की बदौलत ही आज हमारा वर्तमान और भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है। ऐसे जांबाज पूर्व सैनिकों के कंधे से कंधा मिलाकर राष्ट्रध्वज फहराना मेरे जीवन का सबसे गौरवमयी और अविस्मरणीय क्षण है।” हनुमान मंदिर में गूंजे मंत्र, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता के साथ डॉ. कौशल ने रचा भक्ति का प्रवाह–स्वतंत्रता पर्व के इस उल्लास को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ते हुए डॉ. कौशल वर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता के साथ कंजा स्थित सुप्रसिद्ध हनुमान मंदिर में शीश नवाया। मंदिर के महंत आदित्येश्वरानंद तीर्थ जी के सानिध्य में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। डॉ. कौशल और जिलाध्यक्ष ने बजरंगबली के चरणों में वंदन कर समस्त मानव जाति के कल्याण, समृद्धि और शांति की मंगल कामना की। इस पावन अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशू मिश्रा, अमित शाह यूथ के जिलाध्यक्ष गोपाल गुप्ता, रुद्र वाजपेयी प्रभात, दिग्गज किसान नेता महादेव प्रसाद वर्मा, अनुज प्रताप सिंह और इंजीनियर अभिषेक वर्मा सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गाँव-गाँव फहराया तिरंगा: ‘तिरंगा यात्रा’ से जगाई राष्ट्रभक्ति की अलख स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही डॉ. कौशल वर्मा पूरे एक्शन मूड में नजर आए। उन्होंने क्षेत्र के दूर-दराज गाँवों में तूफानी जनसंपर्क कर घर-घर जाकर स्वयं अपने हाथों से तिरंगा लगाया। इसके साथ ही एक विशाल एवं भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का नेतृत्व करते हुए उन्होंने क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों के दिलों में राष्ट्र की आन, बान और शान के प्रति अटूट निष्ठा का दीप प्रज्वलित कर दिया।













