एपीएस न्यूज संवाददाता– रफी अहमद
पलियाकलां खीरी। 137 विधानसभा क्षेत्र पलिया का उपजाऊ इलाका दोहरी मार से कराह उठा है। एक ओर दुधवा के जंगलों से निकलकर जंगली सुअर गन्ने की लहलहाती फसलों को रौंद रहे हैं, तो दूसरी ओर जलभराव से किसानों की मेहनत डूब रही है। किसानों का सीधा सवाल है—आखिर किसकी साजिश के तहत पलिया के उपजाऊ इलाके को डुबोया जा रहा है? प्रशासनिक बेरुखी से नाराज किसानों ने “जान और जमीन बचाने” की हुंकार भरते हुए समाजसेवी व वरिष्ठ सपा नेता डॉ. अजय कुमार अवस्थी के नेतृत्व में दुधवा मुख्यालय के बाहर जोरदार धरना शुरू कर दिया है।डॉ. अजय अवस्थी ने कहा कि”पलिया का किसान रात-रात भर जागकर लाठी के दम पर फसल बचाने को मजबूर है। जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए न तो बाड़बंदी है और न ही जलभराव से राहत का कोई इंतजाम। उपजाऊ जमीन को बर्बाद करने की इस साजिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक बर्बाद फसलों का पूरा मुआवजा और समस्या का स्थायी समाधान नहीं मिलेगा, यह आंदोलन खत्म नहीं होगा।” किसानों ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक वन विभाग और प्रशासन मौके पर आकर ठोस कदम नहीं उठाता, मुख्यालय के बाहर यह आर-पार की जंग जारी रहेगी।














