apsnews24live

मिशन शक्ति विशेष अभियान के छठवें चरण के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बेटियों की शिक्षा के प्रति किया गया जागरूक

एपीएस न्यूज–संवाददाता

मितौली खीरी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति विशेष अभियान’ के छठवें चरण के अंतर्गत संविलियन विद्यालय चपरदहा, विकास खंड मितौली के छात्र-छात्राओं द्वारा गाँव चपरदहा में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों की शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना तथा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना रहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली नाटकीय प्रस्तुति देकर ग्रामीणों को समझाया कि बेटियों की शिक्षा परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। शिक्षित बेटी न केवल अपने परिवार को सशक्त बनाती है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को बेटियों को समान अवसर प्रदान करने, उनकी पढ़ाई जारी रखने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि “बेटी पढ़ेगी, तभी समाज आगे बढ़ेगा।” बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक अरविंद शर्मा, शिक्षक निर्मल कुमार एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरोज सहित अन्य उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। सभी ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर बल दिया।कार्यक्रम के माध्यम से मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया। छात्र-छात्राओं की इस सराहनीय पहल ने शिक्षा, समानता और महिला सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

संदेश:–“बेटी है परिवार की शान, शिक्षा से बढ़ेगा देश का मान।”

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!