एपीएस न्यूज–संवाददाता
मितौली -खीरी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत मितौली कस्बे में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया।क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र यादव के निर्देशन में थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे एवं उपनिरीक्षक महिमा पांडेय के नेतृत्व में आयोजित रैली में आदर्श इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा राजा लोन सिंह इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भाग लिया। रैली के माध्यम से समाज को महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में जागरूक होकर सामने आने और सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा।मितौली पुलिस की इस पहल के माध्यम से समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नारी सम्मान एवं सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।














